सेवा पखवाड़ा समापन अवसर पर नमो उपवन में हुआ दो हजार पौधों का रोपण
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। पेड़ पौधों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। इनका संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। पौधे लगाने के बाद उनका संरक्षण करना भी जरूरी है ताकि वह पेड़ बनकर क्षेत्र में हरियाली फैलाए और प्राणवायु ऑक्सीजन बढ़ाने के साथ ही पर्यावरण संतुलन बनाए रखे। यह बात कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव ने गुरुवार को सेवा पखवाड़ा के समापन अवसर पर नगर पालिका आगर द्वारा नमो उपवन आगर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुई कही। कलेक्टर ने कहा कि पौधारोपण केवल हरियाली बढ़ाने का प्रयास नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संतुलन और सुरक्षित जीवन का संदेश है। सभी अपने जन्मदिन, शादी सालगिरह आदि शुभ अवसर एवं अपनों की स्मृति में एक पौधा लगाने के साथ ही उसे पेड़ बनाएं।
सेवा पखवाड़ा समापन अवसर पर केयर अस्पताल के पीछे स्थापित नमो उपवन में 2000 पौधों का रोपण किया गया। स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासकीय सेवक, गणमान्य नागरिक, समाजिक संस्थाएं, विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता कर एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधा लगाया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, नगरपालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, मयंक राजपूत, अजय जैन मारुबलडिया, कैलाश कुंभकार ,जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि भैरव सिंह चौहान, भरत प्रजापति, विधायक प्रतिनिधि श्री अशोक प्रजापत, पार्षद प्रतिनिधि राजू भटोदरा, गौरव जैन, रानु राज नरवाल, अर्जुन गवली, रऊफ भाई मुल्तानी, आदि जनप्रतिनिधि और सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नंदा भलावे कुशरे , एसडीएम आगर मिलिंद ढोके तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुशल सिंह डोडवे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित हुए सेवा पखवाड़ा के दौरान जिले में स्वच्छता एवं पौधारोपण को लेकर हुए कार्य पर प्रकाश डाला। साथ ही मियांवाकी पद्धति से पौधारोपण के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में पेड़ पौधे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष मालवीय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और यह समय की मांग है। हम अधिकाधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण सरंक्षण के प्रति अपना दायित्व निभाए। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष पटेल एवं मयंक राजपूत ने भी संबोधित कर जिले के नागरिकों से पौधारोपण करने की अपील की गई।
पौधारोपण में तहसीलदार विजय सेनानी , कैलाश काका, एसडीओ (फॉरेस्ट) फतेह सिंह निमामा, रेंजर लक्ष्मीनारायण चौधरी, वनरक्षक गोविंद शर्मा, पदम परमार, विपिन शर्मा, छगन परमार, अर्जुन सिंह तथा चौकीदार मोहन ने भी सक्रिय भूमिका रही। इस मौके पर संस्कार एकेडमी के बच्चों सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी व विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन स्वच्छता निरीक्षक बसंत डूलगज द्वारा किया गया।