नुक्कड़ नाटक एवं सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से किया गया जागरूकता प्रसार
शक्तिदल द्वारा गरबा पंडालों में सतत् जनजागरूकता अभियान जारी
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में दिनांक 23 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक जिले में “अभिमन्यु-3 अभियान” संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, लैंगिक समानता, महिला सम्मान और सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।
इस अभियान के अंतर्गत 28 सितंबर रविवार को नलखेड़ा में सउनि आशा लकवाल द्वारा चुनरी यात्रा के दौरान उपस्थित बालिकाओं और महिलाओं को अभिमन्यु अभियान की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सुरक्षा से जुड़े संदेश दिए गए और सेल्फी प्वाइंट स्थापित कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
इसी क्रम में गत रात्रि शक्ति दल द्वारा जिले के विभिन्न गरबा पंडालों में पहुंचकर नागरिकों को महिला सुरक्षा एवं सम्मान के महत्व से अवगत कराया गया। उपस्थित महिलाओं और युवाओं को अभिमन्यु शपथ भी दिलाई गई, जिससे वे समाज में जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।
इस प्रकार “अभिमन्यु-3 अभियान” के अंतर्गत जिलेभर में लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है।