स्कूलों व धार्मिक आयोजनों में बालक-बालिकाओं को दी जानकारी और शपथ दिलाई गई
पोस्टर व बैनरों के माध्यम से आम नागरिकों को किया जागरूक
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE(गिरिराज बंजारिया)। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के आदेशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में दिनांक 23 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक “अभिमन्यु-3 अभियान” जिलेभर में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम, घरेलू हिंसा की समाप्ति तथा समाज में महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और सम्मान की भावना को सशक्त बनाना है।
इसी क्रम में शनिवार को थाना प्रभारी कानड़ राजकुमार दांगी व उनकी टीम द्वारा कन्या शाला स्कूल में बालक-बालिकाओं को महिला सम्मान एवं सुरक्षा हेतु शपथ दिलवाई गई।
वहीं थाना नलखेड़ा से सउनि आशा लकवाल व उनकी टीम द्वारा आज सेमलखेड़ी हाई स्कूल एवं लालूखेड़ी प्राथमिक स्कूल में विद्यार्थियों को अभिमन्यु 3 अभियान की जानकारी दी गई तथा बालक-बालिकाओं के साथ-साथ स्कूल स्टाफ को भी महिला सुरक्षा व लैंगिक समानता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
गत रात्रि गरबा समय मे शक्ति दल द्वारा गरबा पंडालों में पहुंचकर आमजन को महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी को अभिमन्यु शपथ दिलाई गई। चोकी पिपलोन कला क्षेत्र में चौकी प्रभारी अजय जाट व उनकी टीम द्वारा दुर्गा माता पंडालों में अभियान की जानकारी दी गई और उपस्थित नागरिकों को असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
बीजानगरी चौकी क्षेत्र स्थित हरसिद्धि माता मंदिर गरबा प्रांगण में भी उनि जोरावर सिंह व पुलिस टीम द्वारा अभिमन्यु अभियान की जानकारी दी गई। इसी प्रकार कानड़ में पुलिस टीम द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के गरबा कार्यक्रम में पोस्टर लगाकर नागरिकों को जागरूक किया गया।
इस प्रकार जिलेभर में पुलिस दलों द्वारा सतत् जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन, छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए जागरूक किया जा रहा है।