पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने संविधान के इतिहास, महत्व और मूल भावनाओं पर किया विस्तृत उद्बोधन
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। भारत के संविधान को 26 नवम्बर 1949 को अंगीकृत किए जाने के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष मनाए जाने वाले “संविधान दिवस” के अवसर पर, पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुरूप बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, आगर मालवा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस लाइन, कोतवाली आगर, ट्रैफिक थाना, महिला थाना सहित जिले के अन्य इकाइयों के लगभग 200 अधिकारी–कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे हुआ। उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने संविधान दिवस के इतिहास और महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा की “भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि राष्ट्र की आत्मा है। यह न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों को संरक्षित करता है और हम सभी को नागरिक कर्तव्यों तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश देता है।” उन्होंने संविधान की निर्माण प्रक्रिया, संविधान सभा की भूमिका, संविधान निर्माताओं के योगदान तथा देश के विकास में संविधान की केंद्रीय भूमिका पर विस्तार से उद्बोधन दिया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा, निष्पक्षता, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उद्बोधन के पश्चात सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा भारतीय संविधान की प्रस्तावना (Preamble) का सामूहिक वाचन किया गया। प्रस्तावना वाचन के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पुनः व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया, जिससे परिसर देशभक्ति और गर्व की भावना से ओतप्रोत हो उठा। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, एसडीओपी आगर मोतीलाल कुशवाहा, थाना प्रभारी कोतवाली शशि उपाध्याय, महिला थाना प्रभारी सुनीता परिहार, सूबेदार जगदीश यादव, सूबेदार जितेंद्र शुक्ला सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आगर मालवा पुलिस संविधान में निहित मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता—को आत्मसात करते हुए जनसेवा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।