पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह ने किया पौधारोपण एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। पुलिस लाइन आगर में 14 नवंबर शुक्रवार को प्ताहिक परेड का आयोजन अनुशासन व तालमेल को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया एवं उत्कृष्ट टर्न-आउट प्रदर्शित करने वाले पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने परेड की सलामी ली, जिसके बाद सभी जवानों द्वारा स्क्वाड ड्रिल का अभ्यास किया गया। परेड का संचालन सूबेदार जगदीश यादव एवं सूबेदार जितेंद्र शुक्ला द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
परेड उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर स्थित मातृकुंज में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही पुलिस लाइन में चल रहे निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर समयसीमा व गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने शस्त्रागार, जिम एवं रोजनामचा का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु मार्गदर्शन दिया।
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक द्वारा ओर्डरली रूम (O.R.) आयोजित किया गया, जिसमें 8 पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना गया तथा उनके त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सुसनेर देवनारायण यादव, रक्षित निरीक्षक सपना परमार, समस्त थाना प्रभारी सहित 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।