जिले के 8612 पंजीकृत कृषकों को सोयाबीन की भावांतर राशि का अंतरण
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। हर समय किसानों के साथ खड़ी है, प्रदेश सरकार। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने किसानों से किए हर एक वादे पूरे किए हैं। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर जिले के किसानों को मुआवजा दिया और अब भावांतर योजना में अंतर की राशि प्रदान कर सोयाबीन फसल का सही दाम देने का काम सरकार ने किया है। यह बात क्षैत्रीय विधायक मधु गेहलोत ने गुरूवार को नई कृषि उपज मंडी आगर में आयोजित जिला स्तरीय भावांतर राशि वितरण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को देवास से प्रदेश के 1.33 लाख कृषकों के खाते मेंं 233 करोड़ की राशि सिंग क्लिक से अंतरित की। आगर-मालवा जिले के 8612 कृषक लाभान्वित हुए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जिले में जनप्रतिनिधियों और कृषकों द्वारा देखा गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव, जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, पूर्व मंडी अध्यक्ष बाबूलाल यादव, प्रेम यादव, भैरूसिंह चौहान, दिनेश परमार, भरत प्रजापत, सचिन लववंशी, सुरेश बैरागी, किसान नेता डूंगर सिंह सिंसौदिया, राघुसिंह, राजेन्द्र सिंह, हरिनारायण यादव, तुफानसिंह गरबड़ा आदि जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
विधायक गेहलोत ने आगे कहा कि प्रदेश सरकार भरोसे की सरकार है, जो हर वर्ग की चिंता करती है। आयुष्मान योजना में 5 लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। आगर विधानसभा में निरंतर विकास कार्य हो रहे है। नये-नये उद्योग लाने का काम किया जा रहा है।
जिला अध्यक्ष मालवीय ने कहा कि “मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों के दर्द को समझते हैं। आज भावांतर राशि वितरण का यह कार्यक्रम प्रदेशभर के किसानों के लिए खुशी का दिन है।” पूर्व मंडी अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने कहा कि “आज का दिन किसानों के नाम है। मुख्यमंत्री स्वयं किसान पुत्र हैं, जो सदैव किसानों की भलाई के लिए तत्पर रहते हैं।” किसान नेता डूंगर सिंह चौहान ने कहा कि “सरकार ने पहले मुआवजा राशि दी और अब भावांतर योजना के तहत राशि देकर किसानों को सशक्त किया है। कृषि विभाग के उप संचालक श्री विजय चौरसिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला।
जिले के किसानों ने मुख्यमंत्री को किसानों के हित में निरंतर किए जा रहे प्रयासों के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा, एसडीएम मिलिंद ढोके, तहसीलदार, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। उपस्थितजनों का आभार मंडी सचिव आगर आनंद सिंह ने माना और संचालन जीवन राठौर ने किये।