ग्रामों और विद्यालयों में नागरिकों को सायबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
सायबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों की दी गई जानकारी
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय सायबर जागरूकता माह 1 से 31 अक्टूबर 2025 के तहत जिलेभर में व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सायबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप से सतर्क करना, डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी देना एवं सायबर ठगी की स्थिति में त्वरित शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है।
अभियान की इसी श्रृंखला में थाना नलखेड़ा अंतर्गत सउनि आशा लकवाल एवं उनकी टीम द्वारा मंगलवार को ग्राम बड़ा गांव, बांसखेड़ी, निपानिया खींची सहित नलखेड़ा कस्बा में नागरिकों से संपर्क कर उन्हें सायबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। टीम ने समझाया कि अज्ञात नंबरों से आने वाले कॉल, संदिग्ध लिंक, या “कस्टमर केयर” के नाम पर मांगी जाने वाली बैंकिंग जानकारी से सावधान रहें। किसी भी अज्ञात एप्लिकेशन (APK फाइल) को डाउनलोड न करें, क्योंकि इनसे मोबाइल डेटा व व्यक्तिगत जानकारी चोरी हो सकती है।
इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर, भैसोदा के प्राचार्य, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सायबर अपराधों के प्रकारों जैसे सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग लिंक, लोन ऐप फ्रॉड, और ऑनलाइन शॉपिंग स्कैम के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने शिक्षकों को यह संदेश दिया कि वे विद्यार्थियों को मोबाइल एवं इंटरनेट उपयोग में सतर्कता बरतने हेतु प्रेरित करें, ताकि किशोर व युवा वर्ग डिजिटल अपराधों से सुरक्षित रह सके।
अभियान के दौरान नागरिकों को यह भी बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति सायबर ठगी या ऑनलाइन अपराध का शिकार होता है, तो वह तत्काल राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराए।
जिले में चल रहा यह अभियान नागरिकों में सायबर सुरक्षा के प्रति चेतना जागृत कर डिजिटल रूप से सुरक्षित समाज की स्थापना की दिशा में एक सशक्त कदम है।