गांव-गांव पहुंचकर नागरिकों को सायबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक तरीके बताए गए
छात्रों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित किया गया
मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। राष्ट्रीय सायबर जागरूकता माह 1 से 31 अक्टूबर 2025 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह के निर्देशन में जिलेभर में जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य है- हर नागरिक तक सायबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना और डिजिटल युग में सुरक्षित व्यवहार को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना।
अभियान की इसी कड़ी में शुक्रवार को थाना नलखेड़ा अंतर्गत सउनि आशा लकवाल एवं उनकी टीम द्वारा ग्राम बदलावड़ा, कचनारिया, दात्या, बिसनी और पिपलिया सेत में भ्रमण कर ग्रामीणों, विद्यार्थियों, महिलाओं एवं शिक्षकों से संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि सायबर अपराध अब केवल शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी तेजी से फैल रहे हैं। अतः जागरूक रहना और हर संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि से सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है।
टीम ने ग्रामीणों को यह भी समझाया कि फर्जी कॉल्स, लॉटरी या इनाम के झांसे, बैंक खातों की डिटेल पूछने वाले लिंक, या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए APK फाइल्स जैसे सॉफ्टवेयर से बचें, क्योंकि ये मोबाइल डेटा चोरी कर सकते हैं। विद्यार्थियों को बताया गया कि सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पूर्व जांच अवश्य करें।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को सायबर हेल्पलाइन 1930 और शिकायत पोर्टल www.cybercrime.gov.in की जानकारी दी गई। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि “जागरूक नागरिक ही सायबर अपराधी के सबसे बड़े दुश्मन हैं।”
यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुरक्षा और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग की दिशा में समाज को सशक्त बनाने की ओर एक सशक्त कदम सिद्ध हो रहा है।