मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। शासकीय सिविल अस्पताल सुसनेर में गुरुवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया।
बता दे कि प्राप्त जानकारी के अनुसार खजुरी निवासी प्रेमबाई पति होकमसिंह ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। परिजन उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल सुसनेर लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया। इसी दौरान महिला का भाई ईश्वरसिंह निवासी खजुरी भड़क उठा और नर्सिंग स्टाफ व ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से गाली-गलौज करने लगा। उसने अस्पताल परिसर में हंगामा कर कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया। घटना की जानकारी अस्पताल प्रभारी डॉक्टर अखिलेश कुमार बागी ने उच्च अधिकारियों को दी। साथ ही संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस थाने में लिखित शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया गया है।