Type Here to Get Search Results !
  • खबरों एंव विज्ञापन के लिये संपर्क करें - मो.9617717441
पाए सभी खबरें अब WhatsApp पर Click Now

आगर मालवा पुलिस के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए ‘अभिमन्यु-3 का शुभारंभ

विशेष जागरूकता अभियान “अभिमन्यु-3” का शुभारंभ

महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए 10 दिवसीय अभियान

मध्यप्रदेश/आगर मालवा/MKT LIVE NEWS(गिरिराज बंजारिया)। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 23 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक जिले में विशेष जागरूकता अभियान “अभिमन्यु-3” संचालित किया जा रहा है। यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों और घरेलू हिंसा की रोकथाम तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इसका विशेष लक्ष्य पुरुष वर्ग को जागरूक करना है, ताकि समाज में लैंगिक समानता, महिलाओं के प्रति सम्मान और उनके अधिकारों की जानकारी व्यापक रूप से फैलाई जा सके।

23 सितंबर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभाकक्ष में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह द्वारा इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। उन्होंने महिला सुरक्षा, बालिकाओं के प्रति सम्मान और लैंगिक समानता के महत्व पर व्याख्यान देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा समाज के प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है। बाल्यकाल से ही बच्चों में सम्मान और समानता की भावना विकसित करना आवश्यक है। उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे भी अपने बच्चों को सामाजिक, नैतिक, मनोवैज्ञानिक और कानूनी ज्ञान देकर संवेदनशील बनाएं।

पुलिस अधीक्षक द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों को अभिमन्यु शपथ दिलवाई गई, जिसमें सभी ने महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता और अपराध रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण वीडियो भी प्रदर्शित किए गए।

अभियान के अंतर्गत थाना नलखेड़ा में सहायक उप निरीक्षक आशा लकवाल ने शासकीय माध्यमिक विद्यालय सुईगांव में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके पश्चात बस स्टैंड पर यात्रियों, स्थानीय दुकानदारों और महत्वपूर्ण संस्थानों के कर्मचारियों को अभिमन्यु शपथ दिलवाई गई और उन्हें महिला सुरक्षा तथा लैंगिक समानता के प्रति संवेदनशील होने के लिए प्रेरित किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट ने सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियो से अपील की कि वे विशेष जागरूकता अभियान “अभिमन्यु-3” में सक्रिय रूप से सहभागिता करें और इसे सफल बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता फैलाना समाज का सामूहिक कर्तव्य है, और सभी से आग्रह किया कि वे सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों में महिलाओं के अधिकारों और सम्मान के प्रति संवेदनशील व्यवहार को बढ़ावा दें।

अभियान के दौरान जिले के प्रमुख स्थानों पर मैराथन दौड़, समूह चर्चा, स्लोगन लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और लघु फिल्म प्रदर्शन जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएँगी। प्रतिभागियों को “मैं हूँ अभिमन्यु” पोस्टर, टी-शर्ट, बैज और स्टिकर प्रदान किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, उनके अधिकारों की जानकारी और पुरुष वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

इस प्रकार अभियान के माध्यम से महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जिले में व्यापक जागरूकता फैलाने का कार्य प्रारंभ किया गया है और सभी थानों को अपने क्षेत्रों में इस अभियान का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र कुमार बोयट, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी आगर मोतीलाल कुशवाहा, उपपुलिस अधीक्षक रघुनाथ खातरकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा महिला और बाल सुरक्षा व जागरूकता में सक्रिय अहिंसा वेलफेयर सोसायटी से जिला समन्वयक पायल शर्मा एवं विष्णु चौहान, तथा जन साहस एनजीओ से काउंसलर प्रिया सोलंकी और ज्योती सूर्यवंशी ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

youtube